पीपीई किट घोटाला: कांग्रेस का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन, 120 से ज़्यादा हिरासत में
पीपीई किट घोटाले की CBI जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
लखनऊ। वैश्विक महामारी कोरोना के ख़िलाफ़ बचाव में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए खरीदी गई पीपीई किट में हुए घोटाले के विरोध में शनिवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसी पीपीई किट घोटाले की जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारी विधान भवन का घेराव करने के लिए जीपीओ से चलकर आगे बढ़े। तभी मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उग्र हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीख़ी नोक-झोंक हुई। महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन करते कांग्रेसियों को पुलिस ने खदेड़ दिया।

प्रदर्शन में शामिल थे 400 लोग
प्रदर्शन के दौरान मना करने के बाद भी टस से मस न होने पर पुलिस को मजबूरन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना पड़ा। मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि प्रदर्शन में लगभग 400 लोग थे और 120 लोगों ने गिरफ्तारी दी है। सभी को इको गार्डन ले जाया गया है। कोरोना महामारी के प्रोटोकॉल तोड़ते हुए बहुत समय बाद कांग्रेस इतनी बड़ी तादात में शनिवार को सड़क पर दिखी।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान के नेतृत्व में कई कांग्रेसी प्रदर्शनकारियों ने पीपीई किट भी पहन रखी थी। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जीपीओ से हजरतगंज चौराहे तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए पुलिस को ताकत लगानी पड़ी। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प भी हुई। महानगर अध्यक्ष समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को हाथ – पैरों से पकड़ कर बस में बिठाना पड़ा।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना जैसी आपदा में 65 जिलों में पीपीई किट घोटाला हुआ है। किटों को कई गुना दामों में बेचा और खरीदा गया। महानगर अध्य्क्ष मुकेश ने कहा कि हमें एसआईटी जांच पर भरोसा नहीं है।
सीबीआई जांच होनी चाहिए। सीबीआई जांच नहीं हुई तो आगे भी कांग्रेस सड़क पर उतरेगी और प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, डॉ. सहजाद आलम, डॉ. आरसी उप्रेती, शाहिद अली, मनीष कुमार, मनोज तिवारी, डीपी सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं मौजूद रहे।